May 10, 2024

Khabar Pravah

khabar Bina Ruke Sabse Pehle

पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने थामा टीएमसी का दामन।

एनडीए सरकार में वित्त एवं विदेश मंत्रालय संभाल रहे यशवंत सिन्हा ने आज तृणमूल कांग्रेस का दामन थामते हुए टीएमसी पार्टी जॉइन कर ली। टीएमसी के नेता डेरेक ओ ब्रायन, मुकुल रॉय और लोकसभा में टीएमसी के नेता सुदीप बंदोपाध्याय की मौजूदगी में यशवंत सिन्हा पार्टी में शामिल हुए। उन्होंने टीएमसी में शामिल होने के पीछे नंदीग्राम में ममता बनर्जी पर हुए हमले को वजह बताते हुए कहा कि आज की सरकार दमन कर जीतने पर भरोसा करती है। इस दौरान उन्होंने मीडिया से चर्चा में कहा कि वे उम्र के इस पड़ाव पर दलगत राजनीति से अलग होने के बाद फिर से दल से इसलिए जुड़ रहे हैं, क्योंकि देश आज अद्भुत परिस्थितियों से गुजर रहा है। आज तक हम जिन मूल्यों को महत्व देते थे, आज वे मूल्य खतरे में हैं और उनका अनुपालन नहीं हो रहा है।

एनडीए सरकार में वित्त एवं विदेश मंत्री रह चुके पूर्व केन्द्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने शनिवार को तृणमूल कांग्रेस का झंडा थाम लिया। कोलकाता में सिन्हा ने टीएमसी के दफ्तर में पार्टी ज्वाइन कर ली। अटल बिहारी वाजपेई की सरकार में मंत्री रह चुके यशवंत सिन्हा वर्ष 2014 में नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनते ही उनकी सरकार के आलोचकों में शामिल रहे। टीएमसी में जाने के बाद यशवंत सिन्हा बोले कि अब बीजेपी अटल, आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी वाली नहीं रही। उन्होंने कहा चुनाव जीतने के लिए बीजेपी किसी भी हद तक जा सकती है। सिन्हा बोले मोदी और अमित शाह मनमानी कर रहे हैं। उन्होंने ममता बनर्जी पर हमले की कड़े शब्दों में भर्त्सना की। पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने पश्चिम बंगाल चुनाव से ठीक पहले यह फैसला लेकर सबको चौंका दिया है। अंदाजा यह भी लगाया जा रहा है कि कुछ और नाम भी हैं जो टीएमसी की राह पकड़ सकते हैं। संभावना जताई जा रही है कि वह टीएमसी से जुड़ने के बाद वह पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार कर सकते हैं।