May 2, 2024

Khabar Pravah

khabar Bina Ruke Sabse Pehle

डब्लूटीसी के फाइनल में पहुंची टीम इंडिया, न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को हराया।

ख़बर प्रवाह (13 मार्च, 2023)

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रहे चौथे टेस्ट मैच के नतीजे के साथ ही न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच चल रहे टेस्ट मैच के नतीजे पर भारत का डब्ल्यूटीसी (WTC) के फाइनल का टिकट फंसा हुआ था लेकिन क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड ने श्रीलंका के खिलाफ खेले गए पहले टेस्ट को जीतकर भारत को फाइनल में पहुंचा दिया। भारत को फाइनल में पहुंचने के लिए दो टेस्ट में से किसी एक में श्रीलंका की हार या ड्रॉ की जरूरत थी। न्यूजीलैंड ने लंकाई टीम को परास्त कर भारत को बड़ी खुशी दे दी। अब भारत और ऑस्ट्रेलिया के चौथे टेस्ट मैच के नतीजे का कोई असर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के समीकरण पर नहीं पड़ेगा। भारत लगातार दूसरी बार विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचा है। पिछली बार 2021 में उसे न्यूजीलैंड के खिलाफ हार मिली थी। इस बार न्यूजीलैंड ने ही उसे फाइनल में पहुंचने में मदद की है। इस बार टीम इंडिया फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगी। डब्ल्यूटीसी का फाइनल इंग्लैंड के ओवल में आगामी 7 से 11 जून तक खेला जाएगा। न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच मैच की बात करें तो न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। श्रीलंका ने पहली पारी में 355 रन बनाए। वहीं, न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 373 रन बनाए। इस तरह उसे पहली पारी में 18 रनों की बढ़त मिली। श्रीलंका ने दूसरी पारी में 302 रन बनाए। न्यूजीलैंड को दूसरी पारी में जीत के लिए 285 रनों का लक्ष्य मिला। केन विलियम्सन के शतक की बदौलत ने मैच के पांचवें और अंतिम दिन आखिरी गेंद पर श्रीलंका को हरा दिया।